लखनऊ। वर्तमान वित्तीय वर्ष 2022-23 की समाप्ति में मात्र दो दिवस शेष रह गये है। इस अवधि की समाप्ति उपरांत आगामी वित्तीय वर्ष में बकाया गृहकर धनराशि पर 12 प्रतिशत ब्याज आरोपित हो जायेगा। ऐसी स्थिति में करदाताओं द्वारा अधिक से अधिक संख्या में गृहकर जमा करने की सम्भावना है। साथ ही विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष के लक्ष्य की पूर्ति हेतु शेष अवधि में विशेष प्रयास कर अधिकतम गृहकर वसूली की जानी है।
नगर आयुक्त इन्द्रजीत सिंह ने बताया कि गृहकरदाताओं की सुविधा तथा नगर निगम की गृहकर की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य को दृष्टिगत रखते हुए मार्च माह के अंतिम सार्वजनिक अवकाश (रामनवमी) 30 मार्च, 2023 दिन गुरुवार को समस्त जोनल कार्यालय तथा कैश काउंटर प्रातः 11ः00 बजे से गृहकर संबंधित कार्यो हेतु खुले रहेगे। 31 मार्च, 2023 के पश्चात आगामी वित्तीय वर्ष में बकाया धनराशि पर नियमानुसार 12 प्रतिशत ब्याज आरोपित किया जायेगा। नागरिको से अपील की जाती है कि अधिक से अधिक संख्या में अपना गृहकर जमा करते हुए आगामी वित्तीय वर्ष में लगाये जाने वाले ब्याज से बचे।