सहारनपुर।शासन ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी सहारनपुर के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी को हटा दिया है। उन्हें मेरठ राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्घ किया है। उनके स्थान पर राजकीय मेडिकल फिरोजाबाद की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा को नई जिम्मेदारी दी है।
चिकित्सा शिक्षा के प्रमुख सचिव आलोक कुमार द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार, सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी को हटा दिया है। अब उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज मेरठ में संबद्घ किया है। उनके स्थान पर फिरोजाबाद राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा को तैनात किया गया है। कई साल पहले जब पिलखनी में राजकीय मेडिकल कॉलेज शुरू हुआ था। उस समय डॉ. संगीता अनेजा यहां रह चुकी हैं।
पिछले दिनों उप-मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने शेखुल हिंद मौलाना महमूद हसन राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी का निरीक्षण किया था। तब कई जनप्रतिनिधियों ने प्राचार्य की शिकायत की थी। उप-मुख्यमंत्री को अवगत कराया था कि प्राचार्य का व्यवहार ठीक नहीं है और न ही संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। मरीजों को बेहतर सुविधा न मिलने से सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। नागरिकों ने भी बेहतर सुविधा न होने की शिकायत की थी। डॉ. अरविंद त्रिवेदी के हटाए जाने के पीछे उक्त शिकायत मानी जा रही है।