बेंगलुरु। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव अप्रैल-मई में होने की संभावना है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दक्षिणी राज्य में अपना प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने शनिवार को विजय संकल्प यात्रा में जनसभा को संबोधित किया। नड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी और समावेशी विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जबकि कांग्रेस अब भी वंशवादी राजनीति को बढ़ावा देने में व्यस्त है और अपने नेता राहुल गांधी को बार-बार नए तरीके से पेश कर रही है।
नड्डा ने कहा कि चुनावों में जीत हासिल करने में असमर्थ राहुल गांधी विदेशी धरती पर भारत में लोकतंत्र के खतरे में होने का आरोप लगा रहे हैं। भाजपा प्रमुख ने कहा कि 2014 से पहले (मोदी सरकार से पूर्व) भारत भ्रष्टाचार में डूबा हुआ था। 2जी, 3जी, राष्ट्रमंडल जैसे घोटाले हुए, लेकिन आज देश दुनिया के अग्रणी राष्ट्रों में है। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया और इसे कांग्रेस के भ्रष्टाचार, कमीशन, अपराधीकरण और वंशवादी शासन से बाहर निकाला है।
उन्होंने कहा कि मोदी ने ऐसा श्सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और अब सबका प्रयासश् पर ध्यान केंद्रित करते हुए विकास पर जोर देकर किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया कि मोदी और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा समेत भाजपा के ज्यादातर नेता साधारण परिवारों से हैं और उन्होंने खुद ही मुकाम हासिल किया है। वहीं, कांग्रेस आज भी वंशवादी राजनीति को बढ़ावा दे रही है। वे आज भी राहुल गांधी के पीछे हैं, भले ही वह कामयाब हों या न हों। उन्हें बार-बार नए तरीके से पेश करना जारी है। वे अब भी परिवार की राजनीति को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं।
जनसभा में कर्नाटक भाजपा के अध्यक्ष नलिन कुमार कतील, पार्टी के संसदीय बोर्ड के सदस्य येदियुरप्पा, राज्य के मंत्री जेसी मधुस्वामी और आर अशोक समेत अन्य लोग मौजूद थे। इससे पहले दिन में नड्डा ने यात्रा के तहत तिप्तूर और चिक्कानायकनहल्ली में रोड शो किया। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस का उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड, त्रिपुरा, नगालैंड और मणिपुर में सफाया हो गया। उन्होंने कहा कि चुनावों में हार का सामने करने के बाद राहुल गांधी इंग्लैंड गए और कहा कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है।