लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में नवनिर्वाचित महापौर एवं 110 पार्षदों ने शपथ ग्रहण कर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करने का संकल्प लिया। शपथ ग्रहण के बाद सभी ने पौधरोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं .वित्त मंत्री सुरेश खन्ना के साथ पूर्व उप मुख्यमंत्री, विधायक गण एवं अन्य बड़े राजनेता व नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी गण मौजूद रहे। मंडलायुक्त लखनऊ सुश्री रौशन जैकब के द्वारा नवनिर्वाचित महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल को शपथ ग्रहण कराई गई। महापौर द्वारा समस्त 110 पार्षदों को शपथ ग्रहण कराई गई।
सर्वप्रथम महापौर के द्वारा अपने संबोधन कर सभी का धन्यवाद किया। उन्होंने आज के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में एक नई सोच की शपथ भी सभी दिलवाई। जिसके तहत एस ओ सी एच जिसमे एस से स्वच्छता के प्रति समर्पित होना, ओ से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करना, सी से शहर के स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना एवं एच से स्वस्थ यानी कि जब स्वस्थ रहेगा लखनऊ तभी स्वच्छ रहेगा लखनऊ, इस नई सोच को आगे बढ़ने की सभी ने शपथ ग्रहण की। उन्होंने कहा कि लखनऊ की जनता ने उन्हें सेवा का जो अवसर प्रदान किया है उसके लिए वे सदैव आमजनमानस की आभारी रहेंगी। उन्होंने कहा कि अटल विहारी वाजपेयी ने विकास का जो पौधा कई वर्षों पहले बोया था आज के समय मे वो एक विशाल वट वृक्ष के रूप में विकसित हो चुका है और निरंतर बढ़ता रहेगा।
प्रदेश के वित्त मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास में आज तक पूरे देश मे कभी भी कोई 2 लाख मतों से ज्यादा मत पाकर महापौर नही बना लेकिन इस बार इतिहास ने अपना रुख बदल लिया और भारी मतों से श्रीमती सुषमा खर्कवाल विजय हुई।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की मंशा है कि देश व प्रदेश में अधिक से अधिक शहरीकरण कर विकास की धारा का रह किया जाए।जिसके फल स्वरूप प्रदेश में वृहद स्तर पर सीमा विस्तार कराए जाने का कार्य भी किया गया है।उन्होंने लोगों से अपील की है कि स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करें और लखनऊ नगर को एक मॉडल सिटी बनाने में अपना अहम योगदान प्रदान करें जिससे कि पूरे देश में लखनऊ के नाम एक मॉडल शहर के रूप में उभर कर सामने आए।इस दौरान उन्होंने आयोजन में मौजूद सभी लोगों को हाथ उठा कर लखनऊ को मॉडल सिटी बनाने में अपना योगदान देने की शपथ दिलवाई।
.डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने अपने संबोधन में कहा की लखनऊ प्रदेश का आईना है।इसे विकास के पथ पर अग्रसित कर मॉडल सिटी बनाने के लिए युद्ध स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जा रही है और उन्हें अमल में लाया जा रहा है।उन्होंने आमजनता व अन्य सभी से संकल्प लिया कि वे सब लखनऊ को मॉडल सिटी बनाने में अपना अपना योगदान दें और आज से ही इस कार्य मे लग जाएं।उन्होंने कहा आज शहीद पथ व दर्जनों फ्लाई ओवर बनने से यातायात सुगम हुआ है।वहीं नवंबर तक लखनऊ के चारों ओर बनने वाली सड़क का कार्य पूरा हो जाने से सुविधा और अधिक बढ़ जाएगी।वहीं सभी पार्षदों के उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ करने के लिए प्रेरित किया। नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह के द्वारा धन्यवाद ज्ञापन देते हुए महापौर एवं सभी पार्षदों को शुभकामनाएं दी। शपथ ग्रहण के उपरान्त सेक्टर 10 वृंदावन योजना में पौधरोपण कार्यक्रम को सम्पन्न कराया गया।जिसमें महापौर के द्वारा हरिशंकारीय पौधे को एवं पार्षदों के द्वारा पंचवटी पौधे को रोपित कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिए जाने का संदेश दिए गए और लोगों से अधिक से अधिक पौध रोपित किए जाने की अपील की गई।