मुंबई,। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मनोहर जोशी की हालत गंभीर है। मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, जहां पर उन्हें दो दिन पहले भर्ती कराया गया था। फिलहाल वो कोमा में हैं।
अस्पताल ने एक बयान जारी कर बताया कि मनोहर जोशी की हालत गंभीर है और वो कोमा में हैं। उनका ब्रेन हैमरेज स्थिर है। फिलहाल वो गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में बने हुए हैं और उनकी स्थिति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मनोहर जोशी को 22 मई को अर्ध-कोमा की स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे अपने दम पर सांस ले रहे हैं और वेंटिलेटर पर नहीं हैं।मनोहर जोशी के बेटे उन्मेश जोशी ने बताया कि पिता अभी बेहोश हैं और इलाज कर रहे डॉक्टरों ने उन्हें इंतजार करने को कहा है। उन्होंने बताया कि ब्रेन हैमरेज से पीड़ित होने के बाद से पिता बेहोश हैं।
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनकी पत्नी रश्मि ठाकरे ने मंगलवार को दिग्गज नेता से अस्पताल में मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। गौरतलब है कि महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनने वाले मनोहर जोशी शिवसेना के पहले नेता हैं। मार्च 1995 में भाजपा के समर्थन से शिवसेना की सरकार का गठन हुआ था।
मनोहर जोशी को बाला साहेब ठाकरे का करीबी माना जाता है और वो 1966 में शिवसेना की स्थापना के बाद से ही पार्टी के सदस्य हैं। पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने मुंबई के मेयर, महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता और अटल बिहारी वाजपेयी कैबिनेट में केंद्रीय मंत्री के रूप में भी काम किया था।